बहादुरपुर (बस्ती)। मां की ममेरी बहन के शादी समारोह में शामिल होने गए छह साल के मासूम सार्थक की खौलते पानी में गिर जाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मुंडेरवा क्षेत्र के तुरकौलिया गांव का रहने वाला सार्थक मां उमा के साथ नगर थाना क्षेत्र के पिलाई गांव में गया था। शनिवार को बरात आनी थी। शुक्रवार की शाम बरातियों की आवभगत के लिए मिठाइयां बनाई जा रहीं थीं। शीरा बनाने के लिए खौलाए जा रहे पानी में गिर जाने से झुलसकर सार्थक की मौत हो गई।
करहली के चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि, मुंडेरवा थाना क्षेत्र के तुरकौलिया गांव निवासी हरेंद्र मौर्य मुंबई में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। हरेंद्र की पत्नी उमा के मामा की बेटी पूजा की शनिवार को शादी थी। सार्थक मां के साथ पिलाई गांव गया था। शुक्रवार की शाम बरातियों की आवभगत के लिए हलवाई मिठाई तैयार कर रहे थे और गुलाब जामुन का शीरा तैयार करने के लिए भगौने में पानी खौलाया जा रहा था। पास में ही खेल रहा मासूम सार्थक अचानक खौलते पानी में गिरकर झुलस गया।
उसे बहादुरपुर पीएचसी ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों के साथ उमा बेटे का शव लेकर अपने घर तुरकौलिया चली गई। इस हादसे के बाद पिलाई गांव में शनिवार को गमगीन माहौल में शादी की रस्में पूरी की गईं और रविवार को पूजा की विदाई कर दी गई।
साथक (फाइल फोटो)