गौर रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म-संवाद
गौर(बस्ती)। आनंद विहार से चलकर दरभंगा जाने वाली अमृत भारत डाउन एक्सप्रेस ट्रेन में उस समय अफरातफरी मच गई, जब मंगलवार देर रात 2:37 बजे गौर रेलवे स्टेशन से आगे जा रही ट्रेन में पटाखे जैसा विस्फोट हो गया। इससे ट्रेन में भगदड़ मच गई। यात्रियों ने किसी तरह से चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। सूचना पाकर पहुंची गौर पुलिस ने ट्रेन की संघन तलाशी ली और यात्रियों को समझा-बुझाकर बैठाया और आगे के लिए रवाना कराया।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती, गोरखपुर के रास्ते दरभंगा जाने वाली ट्रेन संख्या-15558 अमृत भारत एक्सप्रेस में चोरी-छिपे यात्री पटाखा ले जा रहा था। ट्रेन रन थ्रो बस्ती की तरफ जा रही थी। गौर रेलवे स्टेशन से थोड़ा आगे पहुंची कि ट्रेन में विस्फोट हो गया। ट्रेन में धमाके की आवाज सुनते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और बम फटने की अफवाह फैल गई। यात्रियों ने किसी तरह से चेन पुलिंग कर चकचई ओवरब्रिज के पास ट्रेन रोक दी और नीचे उतर गए।
सूचना मिलते ही गौर थाने के प्रभारी निरीक्षक परमाशंकर यादव ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर यात्रियों से संयम बरतने की अपील करते हुए ट्रेन की सघन तलाशी ली। तो पुलिस टीम को कुछ नहीं मिला। इस दौरान ट्रेन करीब 34 मिनट तक खड़ी रही। पुलिस ने यात्रियों को समझा बुझाकर ट्रेन में बैठाया और आगे के लिए रवाना कराया।
घटना की जानकारी प्रभारी निरीक्षक ने आरपीएफ और जीआरपी बस्ती को दी। ट्रेन जैसे ही बस्ती रेलवे स्टेशन पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेन की सघन तलाशी ली। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक राशिद बेग मिर्जा एवं जीआरपी प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार यादव ने बताया कि रात में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन में अफवाह फैली थी, लेकिन स्टेशन पर तलाशी के दौरान ट्रेन में कुछ मिला नहीं।