रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
ट्रेनें देर से चलने के कारण परेशान नजर आए यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। करीब दस दिनों से ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था बेपटरी चल रही है। ट्रेनें निर्धारित समय से एक-एक दिन देर से चल रही हैं। गर्मी में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मंगलवार को अमरनाथ एक्सप्रेस 29 घंटे की देरी से रेलवे स्टेशन पहुंची। इस दौरान प्लेटफार्म पर इंतजार कर रहे यात्री परेशान दिखे।
मंगलवार को कुशीनगर एक्सप्रेस 9 घंटे, कटिहार-मुंबई समर स्पेशल 6 घंटे और छपरा-मथुरा 5 घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्री राम बचन ने बताया कि कानपुर जाने के लिए स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहा हूं।
ट्रेनें इतनी लेट चल रही हैं कि मन कर रहा है घर वापस चला जाऊं। यात्री सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मुंबई जाना है, लेकिन ट्रेन का कुछ अतापता नहीं है। अब घर वापस जा रहा हूं। महिला यात्री काजल श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेनें देर से चल रही हैं और प्लेटफार्म पर बैठने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।