लालंगज पुलिस ने तीन लोगों पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। एससी-एसटी केस में सरकार की तरफ से मिलने वाली अहेतुक सहायता की राशि हड़प लेने का मामला सामने आया। आरोप है कि रुपये हड़पने वाले ने एसपी व सीओ को हिस्सा देने के नाम पर 35 हजार रुपये ले लिए। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर लालगंज पुलिस ने तीन लोगों पर धोखाधड़ी व धमकाने के आरोप में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लालगंज क्षेत्र के निपनिया गांव निवासी रमेश कुमार ने तहरीर देकर बताया है कि उन्होंने एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया गया था। इस केस में उन्हें 35 हजार रुपये की अनुदान राशि की किस्त मिली थी। आरोप है कि तीन लोगों ने उनसे यह धनराशि यह कहते हुए ले ली कि इसे एसपी और सीओ को देना है। जालसाजी व धोखा कर रुपये लिए जाने की जानकारी होने पर विपक्षियों से रुपये वापस मांगा तो देने से मना कर दिया।
जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छरौछा निवासी आनंद कुमार, साहूपार निवासी निहाल और दशकोलवा निवासी रमेश भारती पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार गौड़ ने बताया कि घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है।