स्वास्थ्य विभाग : कोरोना के लिए फिर से बढ़ाई सतर्कता
बस्ती। पांच राज्यों में कोरोना की दस्तक के कारण केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य महकमे को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इस परिस्थिति को संज्ञान में लेकर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। अस्पतालों में स्थापित आक्सीजन प्लांटों की सक्रियता तथा पूर्व में स्थापित कोविड अस्पतालों को एक बार फिर से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसे लेकर 28 मार्च 2022 को मॉकड्रिल भी कर तैयारियों का परखा गया। वहीं, अब तैयारियों की समीक्षा के लिए अप्रैल के अंतिम सप्ताह में मॉकड्रिल की योजना तैयार की गई है।
कोरोना को लेकर लोगों की निश्चिंतता प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय है। क्योंकि पांच राज्यों में एक बार फिर से कोरोना की दस्तक हो गई है। इस परिस्थिति से स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। क्योंकि करीब एक पखवाड़ा से जिला कोरोना मुक्त था। इससे विभाग को राहत मिल गई थी, मगर पांच राज्यों में कोरोना की दस्तक से चिंतित केंद्र सरकार की चिंता से स्वास्थ्य विभाग असहज हो गया है। अब एक बार फिर से तैयारियों की समीक्षा में जुट गया है। 28 मार्च 2022 को इसे लेकर मॉकड्रिल की गई। अपने जिले की सीएचसी मुंडेरवा, मरवटिया, भानपुर व दुबौलिया को कोविड के एल-वन अस्पताल बनाए गए हैं। जबकि मेडिकल कॉलेज में कोविड का एल-टू अस्पताल तैयार किया गया है। लक्षण वाले व गंभीर रोगियों के इलाज की व्यवस्था मेडिकल कॉलेज में है।
कोविड अस्पतालों के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बतौर नोडल ऑफिसर तैनात किए गए थे। उनकी मौजूदगी में मरीज को एंबुलेंस से बेड पर ले जाने व उसका इलाज करने की रिहर्सल स्टाफ ने की। सभी जगह व्यवस्था ठीक मिली थी। इसे यू ही रखने की कवायद शुरू हो गई है। सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि कोरोना को लेकर स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह सतर्क है। केंद्र सरकार की चिंता से वाकिफ होने के बाद हमने अपनी तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। अब अप्रैल के अंतिम सप्ताह में तैयारियों को परखने के लिए मॉकड्रिल की जाएगी। यह क्रम माह में दो बार होगा, जिससे किसी भी विषम परिस्थिति में स्थितियों से निपटा जा सके।