बस्ती। जिला महिला अस्पताल में शून्य से पांच साल तक के बच्चों के वैक्सीनेशन पर यहां सुविधा शुल्क मांगने का मामला अब प्रशासन तक पहुंच गया है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में भी सीडीओ ने इस प्रकरण पर सीएमएस से पूछताछ कर चुके हैं। फिर भी खेल नहीं रुक रहा है।
प्रकरण सामने आने पर सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने सीएसएस से कहा कि टीकाकरण के नाम पर अस्पताल में वसूली की शिकायतें मिल रही हैं इसे बंद कराएं। इस पर सीएमस कुछ देर के लिए असहज हो गए थे। बाद में उन्होंने कहा कि कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई करेंगे।
वहीं, इससे पहले टीकाकरण के नाम पर रुपये लेने की गतिविधि एक बार सीसी कैमरे में कैद हो गई थी। सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने एएनएम को बुलाकर फटकार भी लगाई थी, चेतावनी के बाद भी एएनएम में सुधार नहीं आया और धन उगाही का खेल बदस्तूर जारी है।
तीमारदार संतोष का कहना है कि अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव होने के बाद नवजात को दूसरे दिन जब टीकाकरण केंद्र पर ले गए तो एएनएम ने वैक्सीन लगाने के बाद 100 रुपये मांगी, मुझे देना पड़ा। प्रसव कक्ष में भी 1500 रुपये जमा कराए गए।
गलत तरीके से है एएनएम का अटैचमेंट : पूर्व सीएमओ ने गलत तरीके से हुए टीकाकरण में शिकायत पर एएनएम का अटैचमेंट खत्म कर सीएचसी कप्तानगंज भेज दिए थे। बाद में दो माननीय के सिफारिश पर संबंधित एएनएम का आदेश निरस्त कर दिया गया था।