युवती का शव ठिकाने लगाने का आरोपित गिरफ्तार
बनकटी (बस्ती)। युवती की हत्या करके शव लालगंज थानाक्षेत्र के बानपुर पुल के नीचे नदी में फेंकने के आरोपित गोपाल चौधरी निवासी चित्राखोर को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पर पुलिस ने 15 हजार का इनाम रखा था।
पहली जनवरी 2018 को पानी में बोरे में भरा हुआ शव मिला था। बाद में उसकी शिनाख्त चंचल उर्फ कालिंदी निवासी उतरावल थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर के रूप में हुई थी। तफ्तीश के दौरान पुलिस को पता चला कि लाल रंग की कार में शव को लादकर लाया था। कार को गोपाल चौधरी चलाकर लाया था।
एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि हत्या के इस मामले में कुल चार आरोपितों के नाम प्रकाश में आए थे। उनमें अट्ठारह वर्षीय युवती के पिता तथा मामा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। एक आरोपित अभी फरार है, उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, ग्राम उतरावल थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर निवासी चंचल उर्फ कालिंदी पुत्री झिनकू उर्फ विजय कुमार की ननिहाल लालगंज थानाक्षेत्र के चित्राखोर में अमरनाथ के वहां थी। घटना के दिन विजय कुमार का अमरनाथ के पास कॉल आई कि करंट लगने से कालिंदी की मौत हो गई।
भांजी की मौत की सूचना मिलते ही अमरनाथ गांव के गोपाल को साथ लेकर कार से उतरावल पहुंचे। बताया जाता है कि बोरे में कालिंदी के शव को भरकर बानपुर पुल के ऊपर से नदी में फेंक दिया। बानपुर के चौकीदार ने अज्ञात शव मिलने की थाने पर सूचना दी। उसके बाद तत्कालीन थाना प्रभारी राजेश कुमार मिश्र पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसमें एंटीमार्टम इंजरी की रिपोर्ट आने के बाद हत्या व शव छिपाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में आरोपित विजय कुमार व अमरनाथ गिरफ्तार किए गए थे।