बस्ती। रुधौली थानाक्षेत्र में एक गांव की रहने वाली महिला ने शादी का झांसा देकर एक युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी प्रदीप पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रुधौली क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि पति दुबई में हैं। सोशल मीडिया पर उसकी जान-पहचान सिद्धार्थनगर के पथरा थानाक्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार से हुई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी प्रदीप ने उससे कार खरीदने के लिए साढ़े चार लाख रुपये मांगे। महिला का पति दुबई से उसे जिस खाते में रुपये भेजता था, उसी खाते से महिला ने साढ़े चार लाख रुपये उसे भेज दिया।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद उसने अलग-अलग बहाने से एक लाख बीस हजार रुपये और ले लिए।
इस तरह कुल मिलाकर 5.70 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि शादी के लिए कहने पर टालमटोल करने लगा। साथ ही, उधार ली गई रकम को भी वापस करने से कतराने लगा। महिला ने जब शादी का दबाव बनाया तो जान से मारने की धमकी देने लगा। ब्यूरो