हाईवे पर हर्रैया थाने के बिहरा के पास हुआ हादसा
एजेंसी- संवादसूत्र
महराजगंज। हाईवे पर बिहरा गेट के निकट रविवार दोपहर बस की चपेट में आने के बाद बाइक डीसीएम से जा टकराई। हादसे में बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिवारवालों ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कप्तानगंज ले गए। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र रसनी निवासी शिवकुमार अपनी रिश्तेदार बुजुर्ग महिला को बाइक पर बैठाकर रविवार दोपहर में ननिहाल हर्रैया थाना क्षेत्र के महादेवरी गांव जा रहे थे। दोपहर एक बजे जैसे ही ये लोग हर्रैया क्षेत्र के बिहरा गेट के निकट पहुंचे पीछे से एक बस ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे अनियंत्रित होकर बाइक सड़क के किनारे खड़ी डीसीएम से जा टकरा गई। घटना में बाइक सवार शिवकुमार (22) का दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं ललिता देवी (56) पत्नी स्व रामसजीवन निवासी बड़गाये थाना हर्रेया के सिर में गंभीर चोट आने से कारण वे कोमा में चली गईं। घटना के बाद डीसीएम और बस के चालक गाड़ी लेकर भाग गये।आस पास के लोगों ने दोनों घायलों को निजी साधन से सीएचसी कप्तानगंज भेजा। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया। सूचना पर हर्रैया पुलिस अस्पताल पहुंच गई। हर्रैया के प्रभारी एसओ सुरेश यादव ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया हैं। वाहनों की तलाश की जा रही है।