क्रिकेट मैच के दौरान खिलाड़ी स्रोत आयोजक
बस्ती। खैर इंटर कॉलेज के क्रिकेट मैदान पर शुक्रवार को अंडर-16 आयु वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता में खैर क्रिकेट अकादमी बस्ती और गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी संतकबीरनगर के बीच मुकाबला हुआ। खैर क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी को 262 रन से हरा दिया। खैर की जीत के नायक अब्दुल काशिफ रहे, जिन्होंने 116 गेंदों पर 306 रन की विस्फोटक पारी खेली।
35 ओवर के मुकाबले में गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए खैर क्रिकेट अकादमी ने सात विकेट पर 418 रन बनाए। अब्दुल काशिफ ने 306 रन की शानदार पारी खेली। विकास चौधरी ने 37, सौरभ पाल ने 26 और मोहम्मद आमिर ने 19 रन का योगदान दिया।
गुरुकुल की ओर से रंजीत चौरसिया ने पांच विकेट लिए, जबकि सचिन और अभय को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी की टीम 22.3 ओवर में 156 रन पर ऑलआउट हो गई। रंजीत चौरसिया ने 60, वैभव त्रिपाठी ने 25, सचिन ने 16 और अभय ने नौ रन बनाए।
खैर क्रिकेट अकादमी की ओर से अनजाने सूर्यवंशी ने चार विकेट चटकाए। आशुतोष मल्होत्रा ने दो, जबकि देवी प्रसाद, खालिद और अभय ने एक-एक विकेट लिया। शानदार दोहरे शतक से भी बड़ी पारी खेलने वाले अब्दुल काशिफ को मैन ऑफ द मैच चुना गया। कोच आलोक वर्मा समेत साथी खिलाड़ियों ने उनके प्रदर्शन पर उत्साह बढ़ाया।