नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र के पिपरा गौतम गांव में देर रात घर में सो रहे एक युवक पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को नींद में ही लाठी-डंडों और घूंसों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पिपरा गौतम निवासी पीड़ित अभिषेक सिंह ने बताया कि 28 मई की रात अपने घर पर सो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान अंश सिंह, आदर्श सिंह व विपिन सिंह अचानक घर में घुस आए और बिना किसी वजह के उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने अभिषेक को नींद में ही लात-घूंसों और डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके आंख, मुंह, दांत, पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर जब वह संभला तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह घर में अकेला रहता है, उससे उसकी जान को खतरा बना हुआ है। पुलिस ने जांच के दौरान घटना को प्रथम दृष्टया सही पाया है और तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।