नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र के कमठहिया गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे युवक पर कुछ मनबढ़ों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा और लोहे की रॉड से युवक को बुरी तरह पीट दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित अनुराग निवासी पटेलवा (कटरा) थाना कोतवाली ने बताया कि वह 27 मई की रात ग्राम कमठहिया में शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 11 बजे वह बरात से लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे विवेक और पट्टू के साथ उनके 4-5 अज्ञात ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए अनुराग पर हमला बोल दिया और लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। हमलावर उसे मरा समझकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।