घर में फंदे से लटकता मिला युवक का शव
- सोनहा थानांतर्गत असुरैना गांव का रहने वाला था धर्मेंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के असुरैना में बंद कमरे में एक युवक का शव फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
असुरैना निवासी अमरनाथ उर्फ धर्मेंद्र यादव (30) पुत्र स्व. रामकरन घर पर अकेला रहता था। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी निर्मला अपनी छह वर्षीय पुत्री संध्या व दस माह के पुत्र के साथ मायके चली गई थी। मां प्रमिला अपनी बहन के घर चली गई थी। बताया जा रहा है कि दिनभर मकान का दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने शाम को दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अनहोनी की आशंका को भांपकर ग्रामीणों ने बहन के घर गई अमरनाथ की मां को गांव बुलाया। इसके बाद भी दरवाजा नहीं खुला। रात करीब 11 बजे ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र, एसआई एखलाक अहमद, अनिल कुमार यादव व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तुड़वाया तो अंदर फंदे से धर्मेंद्र का शव लटकता मिला, जिसे नीचे उतरवाया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।