शहर में नाबालिग बालिका से जिस्मफरोशी कराए जाने के प्रकरण को अमर उजाला ने 18 मई को प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित किया था। जिसके बाद सोशल मीडिया में मामला छाया रहा। लोग पुलिस से खुलासे की मांग करने लगे।
पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार के निर्देशन में टीम गठित की गई थी। 29 मई को मामले का पटाक्षेप करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि पड़ताल चल रही है और भी लोग पुलिस की गिरफ्त में आएंगे। बताते हैं कि इनका एक संगठित गिरोह है, जो इस तरह के कार्य कराता है।
वहीं पकड़े गए अभियुक्तों में कोतवाली थाना क्षेत्र के बेलवाडाड़ी निवासी सर्वेश कुमार श्रीवास्तव, सिद्घार्थनगर निवासी दिनेश जायसवाल, हर्रैया निवासी सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और मालीटोला निवासिनी अफसाना के नाम शामिल है।
गौरतलब है कि 14 मई को नाबालिग ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी सौतेली मां उससे जिस्मफरोशी कराती है। और इस काम को अंजाम देने में उसकी मां के साथ और भी कई लोग शामिल हैं।
मां सहित अन्य पुलिस की पकड़ से बाहर
पीड़िता की सौतेली मां सहित अन्य अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस का कहना है कि इन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया है। जल्द ही इन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।