संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। कस्बे के प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए शासन से 1.31 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति मिली है। इससे जर्जर हो चुके मंदिर और परिसर को सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप में लाने का कार्य अप्रैल माह के अंत तक शुरू हो जाएगा। धनराशि की पहली किस्त भी जारी कर दी है।
कस्बे का हनुमानगढ़ी मंदिर आसपास के गांवों के लोगों के लिए आस्था का केंद्र है। मौजूदा समय में मंदिर जर्जर हालत में है। इसके जीर्णोद्धार की लंबे समय से लोग मांग कर रहे थे। कुछ समाजसेवी निर्माण के लिए आगे भी आए, मगर खर्च सुनकर पीछे हट गए।
अब शासन ने नगर पंचायत के प्रस्ताव पर वंदन योजना के तहत मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए एक करोड़, 31 लाख की परियोजना को स्वीकृति दे दी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह राजू ने बताया कि मंदिर को सुंदर और आकर्षक स्वरूप देने के साथ परिसर में भव्य प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था, इंटरलॉकिंग सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे।
जल्द ही टेंडर की प्रक्रियापूरी कराकर अप्रैल माह में कार्य शुरू करा दिया जाएगा है। बताया कि कस्बे की मुख्य सड़क की मरम्मत और लेपन का कार्य भी कराया जाएगा।