बस्ती। संतकबीरनगर के दुधारा क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय युवती का पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के पांडेय बाजार में मकान के खंडहर में अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने मंगलवार सुबह करीब आठ बजे खंडहर से धुंआ निकलता देख फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने अंदर जाकर देखा तो युवती का जला हुआ शव मिला। मौके पर मिले चप्पल व अन्य निशानी के आधार पर उसकी पहचान राधिका यादव (28) के रूप में हुई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। संतकबीरनगर जिले के दुधारा थानाक्षेत्र के बिजयी देवरिया निवासी राधिका पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के पांडेय बाजार निवासी रामप्रकाश गुप्ता उर्फ रामू की लोहिया डेयरी की गोशाला में करीब एक सप्ताह पूर्व काम करने के लिए आई थीं। उसके साथ उसकी बहन भी रहती थी। राधिका की बहन की शादी उसके देवर से हुई है। यानी उसके पति के दोनों भाई आपस में साढू भी हैं। राधिका का पति दिल्ली में नौकरी करता है।
गोशाला के पास ही राम प्रकाश का मकान है। राम प्रकाश के परिवार का ही एक पुराना शटर लगा मकान है जो वर्तमान में खंडहर बन चुका है। इसे कूड़ा डालने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे आसपास के लोगों ने खंडहर से धुंआ निकलता देखा तो आवाक रह गए।