फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: ट्रेन में पटाखे से हुआ था धमाका, अफरातफरी में एक की माैत

विज्ञापन
विज्ञापन
गौर(बस्ती)। आनंद विहार से दरभंगा जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस में मंगलवार देर रात करीब 2:37 बजे धमाका बैग में रखे पटाखे में विस्फोट से हुआ था। अफरातफरी में ट्रेन से गिर जाने से बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले ऋतुराज ठाकुर (31) की मौत हो गई थी, जिसका शव बुधवार की सुबह रेलवे स्टेशन से पश्चिम आईटीआई के पास मिला था।
विज्ञापन

हादसे में जान गंवाने वाले ऋतुराज के पिता बब्बन ठाकुर की तहरीर पर सीतामढ़ी के नानपुर थानाक्षेत्र के वार्ड नंबर छह गढ़ौल शरीफ निवासी अमित यादव उर्फ माझी कुमार और ऋतुराज पुत्र राजेश्वर राय निवासी वार्ड नंबर छह ग्राम वाजिदपुर गढ़ौल के खिलाफ केस दर्ज कर जीआरपी उनकी तलाश कर रही है।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार यादव ने बताया कि ट्रेन के कोच संख्या एस-9 में अमित यादव, ऋतुराज राय और ऋतुराज ठाकुर छठ पर आनंद विहार से सीतामढ़ी जा रहे थे। अमित छठ पूजा में घाट पर आतिशबाजी के लिए बैग में पटाखा भरकर ले जा रहा था। जीआरपी के अनुसार, जैसे ही ट्रेन गौर रेलवे स्टेशन से थोड़ा आगे पहुंची, पटाखे वाले बैग में विस्फोट हो गया। धमाके से अमित और ऋतुराज झुलस गए, डर के मारे दोनों ट्रेन में छिप गए।
विज्ञापन

जीआरपी के मुताबिक धमाके के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। इस बीच किसी यात्री ने चेन खींचकर ट्रेन रोक दी। उसके बाद यात्री ट्रेन से कूदकर भागने लगे। इसी दौरान दरवाजे के पास बैठा ऋतुराज ठाकुर ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मगर, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो पाई।
गौर थाने के प्रभारी निरीक्षक परमा शंकर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को समझाकर ट्रेन की तलाशी ली, लेकिन किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन रवाना करा दी गई। सुबह युवक का शव मिलने के बाद जब जांच-पड़ताल की गई तो यह सनसनीखेज खुलासा हुआ।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें