महराजगंज/हर्रैया। हर्रैया थाने के शिवपुर पेंदा गांव के निकट शख्स का मनोरमा नदी में उतराया शव मिला। वह एक सप्ताह पहले रिश्तेदारी में जाने की बात कह कर घर से निकले थे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना हर्रैया और दुबौलिया पुलिस को दी। लेकिन सीमा विवाद में दोनों थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में नहीं लिया। तीन घंटे के बाद परिवार के लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
जानकारी के अनुसार दुबौलिया थाने के चिलबिला गांव निवासी जुमाई (60) रिश्तेदारी में जाने की बात कह कर एक सप्ताह पहले घर से निकले थे। उसके बाद उसका कुछ पता नहीं था। शुक्रवार की सुबह हर्रैया थाने के पेंदा शिवपुर गांव के दक्षिण मनोरमा नदी में गांववालों ने एक सड़ी गली लाश उतराई देखी। लोगों ने लाश की शिनाख्त चिलबिला गांव के जुमाई सांवठ के रूप में की और घटना की सूचना मृतक के परिवार के लोगों के साथ साथ हर्रैया और दुबौलिया पुलिस को दी। सूचना के काफ ी देर बाद दोनों थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची लेकिन सीमा विवाद के चलते दोनों थाने की पुलिस उलझी रही। तीन घंटे तक शव नदी में पड़ा रहा। आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए थे। परिवार के लोगों ने स्वयं नदी से शव को बाहर निकाला और अंतिम संस्कार के लिए ले गए। घटना से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। जुमाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर असमंजस की स्थिति है। इस संबंध में पुलिस से बात करने पर दुबौलिया और हर्रैया की पुलिस दुबौलिया पुलिस से बात करने की बात कह रहे थे। हालाकि एडिशनल एसपी वीरेंद्र यादव घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से पूछताछ भी की।