छावनी। थाना क्षेत्र के बरिया मोहाने गांव के पास शनिवार की सुबह ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने सेे एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया जबकि ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, छावनी थाना क्षेत्र के शक्तिपुर गांव निवासी रिझीराम का छह वर्षीय पुत्र ऋषभ शनिवार की सुबह अपने चाचा शिवसहाय के साथ छावनी बाजार कुछ खरीदारी करने साइकिल से आया था। एक हाथ में सामान का बैग पकड़ दूसरे हाथ से शिवसहाय साइकिल चला रहा था। साइकिल के पीछे ऋषभ बैठा था। बरिया मोहाने गांव के पास अचानक एक ट्रैक्टर ट्राली साइकिल के पीछे आ गई। इस बीच एक हाथ से साइकिल चला रहा शिवसहाय असंतुलित हो गया, जिससे साइकिल के पीछे बैठा ऋषभ अचानक सड़क पर गिर पड़ा। जब तक वह खड़ा हो पाता तब तक पीछे आ रहे ट्रैक्टर ट्राली के पहिये के नीचे वह आ गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली चालक गाड़ी छोड़ फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया और ऋषभ का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।