कप्तानगंज। कस्बे से पंडूलघाट जाने वाली सड़क पर स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी की दुकान का शटर काटकर चोरों ने दुकान में रखा जेवर चुरा लिया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज कस्बा निवासी रमेश चंद्र अग्रहरि की कस्बे से पंडूलघाट की तरफ जाने वाली सड़क पर रमेशचंद्र सौरभ कुमार ज्वैलर्स के नाम से आभूषण की दुकान है। हमेशा की तरह रमेश रविवार की शाम को दुकान बंद कर घर चले गये। सोमवार की सुबह जिस मकान में उनकी दुकान है के मालिक ने उन्हें सूचना दी कि उनके शटर की कुछ पत्तियां निकली हुई हैं। सूचना मिलते ही रमेश अपनी दुकान पर पहुंचे। वहां देखा कि उनकी दुकान के शटर की कुछ पत्तियों को काटकर निकाल दिया गया है। दुकान के अंदर देखा तो सोने चांदी के जेवर आदि गायब मिले। घटना की सूचना मिलते ही एसओ कप्तानगंज गंगेश शुक्ल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की खबर अपने उच्चाधिकारियों को दी। एसपी के निर्देश पर सीओ कलवारी प्रभंशराम, फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच की टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। फोरेसिंक टीम ने बारीकी से दुकान की जांच की। वहीं क्राइम ब्रांच के प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने दुकानदार और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
एसओ गंगेश शुक्ल के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। दुकानदार ने तहरीर में जेवरों की संख्या या कीमत का कोई जिक्र नहीं किया है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अमरमणि पांडेय और जिलाध्यक्ष सुभाषचंद्र शुक्ल की अगुवाई में संगठन के लोगो ने पीड़ित व्यवसायी से मुलाकात की। घटना के बारे में जानकारी लेने के बाद पुलिस से अविलंब घटना के खुलासे का अनुरोध किया। इस मौके पर मंडल संयोजक विश्वनाथ वर्मा, रामविनय पांडेय, श्याम मोहन आदि मौजूद रहे।