पैकोलिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने बुधवार को पैकोलिया थाना क्षेत्र के बेलसड़ में दो छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही एक छात्र की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। चालक घटना के बाद फरार बताया जाता है।
पूर्व माध्यमिक बेलसड़ में छठी कक्षा के छात्र मिंटू (12) पुत्र रामकिशोर निवासी बेलसड़ और शिवा (12) पुत्र विनोद निवासी बिग्वावीर विद्यालय में मध्यांतर में साइकिल से चाय पीने स्कूल से कुछ दूर आगे चाय की दुकान पर गए थे। वापस लौटते समय स्कूल के निकट यादव ब्रिक फील्ड लिखी एक ट्रैक्टर ट्राली ने उनकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही मिंटू की मौत हो गई। जबकि शिवा को गंभीर चोटें आईं। गंभीर अवस्था में शिवा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। इधर, दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली का चालक मौका देख भाग निकला। पुलिस ने मिंटू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि ट्रैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। एसओ रामभवन यादव के अनुसार ट्रैक्टर ट्राली के मालिक के बारे में पता लगा लिया गया है। जल्द ही उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।