फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गिरफ्तारी समेत कई मांगों को लेकर डटे

विज्ञापन
विज्ञापन
बस्ती। भाकियू नेताओं का संघर्ष आखिरकार रंग लाया। आंदोलन के दबाव के चलते प्रशासन ने गन्ना मूल्य बकाए को लेकर तीन चीनी मिलों के अध्यासियों और यूनिट हेड के विरुद्ध विभिन्न थानों में ईसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया है। बावजूद इसके अभी भाकियू नेता गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर धरना जारी रखे हैं।
विज्ञापन

जिले के वाल्टरगंज, बभनान और रुधौली चीनी मिलों पर पेराई सत्र 2012-13 का किसानों और समितियों के विकास कमीशन का कुल 81.20 करोड़ बकाया है। बकाए के भुगतान और वसूली को लेकर कई बार चेतावनी देने के बाद भी मिलों ने अड़ियल रवैया अपनाए रखा। इसी बीच पेराई शुरू करने के सरकार के आदेश को भी मिलों ने नकार दिया। इससे नाराज भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाध्यक्ष शोभाराम ठाकुर के नेतृत्व में सुबह से ही डीएम आवास पर बकाए भुगतान, मिल मालिकों की गिरफ्तारी आदि मांगाें को लेकर धरना शुरू कर दिया। देर शाम आंदोलन कारी डीएम आवास की बजाए कलेक्ट्रेट परिसर में आकर धरने पर बैठ गए। किसानों के आंदोलन और जिला प्रशासन के आदेश की नाफरफानी करने से नाराज डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी को तीनों मिलों के अध्यासियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। डीसीओ के निर्देश पर संबंधित समितियों के सचिवों ने रात में जाकर थाने पर मिल के अध्यासी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
डीसीओ डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि जिन मिलों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है उनमें गोविंदनगर शुगर लि. वाल्टरगंज मिल के अध्यासी/उपाध्यक्ष/यूनिट हेड प्रेमनरायन सिंह, बजाज हिंदुस्तान लि. अठदमा रुधौली के यूनिट हेड/अध्यासी हेमचंद्र जोशी और बलरामपुर चीनी मिल लि. बभनान के अध्यासी/यूनिट हेड प्रवीण गुप्त शामिल हैं। थानाध्यक्ष रुधौली जयदीप दुबे ने बताया कि समिति के सचिव रामआश्रय यादव की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जबकि गौर थानाध्यक्ष आेंकार सहाय का कहना है कि बभनान समिति के सचिव मोतीराम की तहरीर पर प्राथमिकी की कार्रवाई की गई। इसी क्रम में गोविंदनगर/टिनिच के सचिव हरिनरायन यादव की तहरीर पर वाल्टरगंज चीनी मिल के अध्यासी प्रेमनरायन सिंह खिलाफ थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई। डीएम अनिल कुमार दमेले का कहना है कि जिले के तीन चीनी मिलों के अध्यासी अधिकारियों पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। आगे की कार्रवाई जल्द ही होगी। उन्होंने पदाधिकारियों से यह कहते हुए धरना समाप्त करने की अपील की है कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई जारी है। बाकी काम शासन स्तर से होना है।
विज्ञापन

प्रशासन और भाकियू के बीच चली वार्ता का निष्कर्ष नहीं निकला
बस्ती। गन्ना बकाए का भुगतान, मिल चलाने धान और गन्ने की खरीदारी न होने जैसी समस्याओं को लेकर भाकियू नेताओं और कार्यकर्ताओं के चल रहे धरने को समाप्त करने के लिए गुरुवार को प्रशासन और भाकियू के साथ बैठक हुई। बैठक का कोई नतीजा नहीं निकल सका। नेताओं ने सीधे शब्दों में प्रशासनिक अधिकारियों से कह दिया कि मांगें पूरी होने तक रात दिन धरना शांतिपूर्वक जारी रहेगा। बैठक एक घंटा तक चली।
भाकियू के जिलाध्यक्ष शोभाराम ठाकुर ने बताया कि उकी तरफ से चार मुख्य मांगें रखी र्गइं। पहला, बकाए गन्ने मूल्य का भुगतान हो, मिल चलवाई जाए, धान और गन्ने की खरीदारी सुनिश्चित कराई जाए। बताया कि हम लोगों ने सीधे शब्दों में कह दिया कि कि मांगों को पूरा कर दिया जाए, हम लोग चले जाएंगे। बताया कि प्रशासन की ओर से उनकी मांगों को गंभीरता से सुना गया और सम्मान भी दिया गया। एडीएम की ओर से कहा गया कि जो मांगें हैं वे शासन स्तर की हैं, फिर भी हम लोग प्रयास करेंगे की समस्या हल हो जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि स्थानीय स्तर पर जो कार्रवाई होनी थी उसे कर दिया गया। प्रशासन की ओर से समस्याओं के समाधान के लिए एक हफ्ते का समय मांगा गया। इस पर भाकियू के लोग यह कहते हुए तैयार नहीं हुए प्रशासन को पहले ही काफी समय दिया जा चुका है, अब नहीं दिया जाएगा। आखिर में निर्णय हुआ कि मांगें पूरी होने तक रात दिन धरना जारी रहेगा। हालांकि, प्रशासन की ओर से कानून व्यवस्था को देखते हुए यह सुझाव दिया गया कि रात में धरना न दिया जाए। इस पर भाकियू के नेताओं ने भरोसा दिलाया कि धरना शांतिपूर्वक रहेगा। कहा गया कि धरने को लेकर प्रशासन को कोई दिक्कत नहीं होंगी। उधर, एडीएम राकेश कुमार ने बताया कि वार्ता पूरी तरह सफल रही। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि धरना शांतिपूर्वक रहेगा। बैठक में प्रशासन की ओर से एडीएम, एएसपी वीरेंद्र कुमार यादव, एसडीएम सदर के. बालाजी, सीओ सदर राजेश भारती, डीसीओ डा. आरडी द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी डा. सतीश पाठक शामिल रहे। उधर, भाकियू की ओर से जिलाध्यक्ष शोभाराम ठाकुर, बेनी माधव तिवारी, मंडल अध्यक्ष पटेश्वरी चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष दीवान चंद्र पटेल, डा. आरपी चौधरी, रामचंद्र सिंह और बंधू चौधरी शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें