सामूहिक विवाह में 99 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
कलवारी(बस्ती)। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी सामूहिक विवाह योजना के तहत बहादुरपुर ब्लॉक क्षेत्र के 99 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। झिनकू लाल त्रिवेनी राम चौधरी इंटर कॉलेज कलवारी में आयोजित कार्यक्रम में तीन मुस्लिम जोड़े भी शामिल हुए।
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महादेवा के विधायक रवि सोनकर व विशष्टि अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने वर-वधू को उपहार स्वरूप मोबाइल फोन, पायल, बिछुआ, अंगवस्त्र आदि भेंटकर सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी बहादुरपुर उमाशंकर सिंह व संचालन भाजपा नेता श्रुति अग्रहरि ने किया। कार्यक्रम में बहादुरपुर के 48, कुदरहा के 20 व बनकटी 31 जोड़ें एक-दूजे के हुए। इस योजना के तहत वर-वधू को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 51 हजार रुपये की धनराशि से वधू के खाते में 35 हजार रुपये की धनराशि जमा की गई। 10 हजार रुपये में बर्तन, सूटकेस, पायल, बिछुया, कूकर सहित 51 छोटे-बड़े बर्तन दिए गए।
मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी योजना सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिले से किसी अधिकारी के सम्मिलित न होने पर विधायक ने नाराजगी जाहिर की और मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही। इस दौरान बीडीओ बनकटी मंजू द्विवेदी, कुदरहा संजय नायक, एडीओ समाज कल्याण सुरेंद्र नाथ चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी, परमानंद सिंह, संजय चौधरी, रवि सिंह, दिलीप शर्मा, संजय सिंह, सुरेश सिंह, अखंड प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।