बस्ती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गोरक्ष प्रांत बस्ती विभाग की ओर से युवा सृजन एवं नवाचार महोत्सव 2026 का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। महोत्सव में बस्ती मंडल के बस्ती व संतकबीरनगर जनपद से 400 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान 80 से अधिक नवाचार आधारित मॉडल प्रस्तुत किए गए, जिनमें विज्ञान, तकनीक, ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, कृषि एवं सामाजिक समस्याओं से जुड़े समाधान प्रमुख रूप से देखने को मिले।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच एवं नवाचार की संस्कृति को विकसित करना रहा। विशेषज्ञों की समिति द्वारा सभी मॉडलों का मूल्यांकन कर शीर्ष 20 नवाचार मॉडलों को चयनित किया गया, जिन्हें कुल 30,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान पर सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग (बस्ती) के सचिन, सर्वेश एवं दिव्यांशु रहे, द्वितीय स्थान पर रामबाग (बस्ती) के अथर्व, आलेख एवं सुजीत तथा तृतीय स्थान पर जीजीएचएसएस बघौली (संत कबीर नगर) के राजन कुमार एवं दिव्यांशु रहे। वहीं सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान हीरालाल रामनिवास संतकबीरनगर के अजय कुमार को प्राप्त हुआ, द्वितीय स्थान सावित्री विद्या विहार स्कूल बस्ती के सुमित और तृतीय स्थान लिटिल फ्लावर स्कूल, बस्ती के आर्यन को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में इसरो के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. विजय कुमार वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आज के युवाओं में अपार वैज्ञानिक क्षमता और नवाचार की ऊर्जा है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा और मंच मिले, तो भारत तकनीकी क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व स्थापित कर सकता है। उन्होंने कहा कि नवाचार केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान का माध्यम बनना चाहिए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडल यह दर्शाते हैं कि भारत का युवा वर्ग समाधान देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस दौरान गोरक्ष प्रांत के प्रांत अध्यक्ष डॉ. राकेश प्रताप सिंह, प्रांत सविष्कार प्रमुख किशन भूषण सहाय, अनुप चौरसिया, दुष्यंत विक्रम सिंह, वीपी सिंह, अपर्णा सिंह, मारुत पांडेय, स्निग्धा एवं शिवेंद्र ने विचार व्यक्त किए। डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया।