बस्ती। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की प्री-बोर्ड परीक्षा सोमवार को समाप्त हो गई। अंतिम दिन हाईस्कूल में वाणिज्य, कला, कंप्यूटर, संस्कृत, उर्दू, कृषि विषय की परीक्षा पहली पॉली में कराई गई। जबकि दूसरी पॉली में इंटरमीडिएट इतिहास, व्यवसायिक वर्ग पेपर-4 और कृषि वर्ग की परीक्षा कराई गई। इस दौरान अधिकतर विद्यालयों में समय से पहले ही विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र हल कर दिए।
बोर्ड परीक्षार्थियों को विद्यालय स्तर पर आंतरिक प्री-परीक्षा करा ली गई है। इसके जरिये मुख्य बोर्ड परीक्षा का पूर्वाभ्यास विद्यार्थियों ने कर लिया है। पिछले वर्ष के रिजर्व प्रश्न पत्र के माध्यम से सभी विषयों की परीक्षा कराई गई है। इससे विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में आने वाले प्रश्न पत्रों का आभास पहले से ही हो गया है। विद्यालयों में प्री-परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं की जांच भी साथ-साथ चल रही है। इसका परिणाम अगले तीन-चार दिनों में विद्यालयवार घोषित कर दिया जाएगा। ताकि विद्यार्थी अपने पढ़ाई का मूल्यांकन करने के बाद और बेहतर ढंग से अपनी तैयारी कर सकें। दूसरी ओर प्रैक्टिकल परीक्षा की भी तिथि 24 जनवरी से घोषित हो गई है। प्री- बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद से सभी विद्यालयों में प्रैक्टिकल परीक्षा को लेकर तैयारी शुरू हो जाएगी। इसके लिए विद्यालयवार बाहर के परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। इस परीक्षा की निगरानी के लिए सचल भी गठित किया गया है। परीक्षा के दौरान सचल दल भ्रमणशील रहेगा।