सात वर्ष से फरार पांच हजार का इनामी गिरफ्तार
बस्ती।
नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में सात वर्षों से फरार पांच हजार का इनामिया श्याम बिहारी नायक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कलवारी पुलिस ने गायघाट से बैड़ारी जाने वाले मोड़ से उसे गिरफ्तार किया। उसके साथ मौजूद रही अपहृता को भी पुलिस ने पकड़ा। अपहृता कोपुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
एसओ शिवाकांत मिश्र ने बताया कि बैड़ारी मुस्तहकम गांव का रहने वाला 28 वर्षीय श्याम बिहारी नायक ऊर्फ श्याम पुत्र कृष्णचंद्र गांव के ही रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी को फरवरी 2011 में बहला-फुसला कर भगा ले गया था। किशोरी के परिवार वालों ने उसके खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की काफी कोशिश के बावजूद भी आरोपी न तो पकड़ में आया और न ही किशोरी मिली। वर्ष 2012 में तत्कालीन एसपी ने आरोपी पर 2500 रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। अगस्त 2017 में एसपी संकल्प शर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर इनाम राशि बढ़ा कर 5000 रुपये कर दी थी। आरोपी के खिलाफ कुर्की की भी कार्रवाई हो चुकी थी। आरोपी को किशोरी के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किशोरी को लेकर दिल्ली चला गया था, जहां दो बच्चियां पैदा हुईं। वह पेंटिंग का काम करके खर्च चलाता था। आरोपी को जेल भेज दिया गया। जबकि अपहृता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। इस कार्रवाई में सहयोगी एसआई शिवधारी प्रसाद के अलावा एसआई सिद्धनाथ यादव, कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद, धर्मेन्द्र और जितेन्द्र भी शामिल रहे।
थप्पड़ मार कर वृद्ध से लूटे पांच हजार रुपये
बहादुरपुर। नगर कस्बे में स्थित बरदहिया बाजार में बैंक से पांच हजार रुपये निकालकर पैदल घर जा रहे वृद्ध से बाइक सवार बदमाशों ने थप्पड़ मार कर लूट लिया। उसके विरोध करने पर बदमाशों ने मारकर जानमाल की धमकी भी दी। घायल के गुुहार लगाने पर बाइक बदमाश कलवारी की तरफ भाग निकले। कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने सबसे पहले चोटहिल को इलाज के लिए भेजा। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
नगर कस्बे से बमुश्किल डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित हरनखा गांव निवासी शिवदत्त चौरसिया (60) शुक्रवार को एसबीआई शाखा से पांच हजार रुपये निकाले। पैसे जेब में रखकर वह बरदहिया बाजार होते हुए पैदल घर जा रहे थे। सुनसान एरिया में पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे और रोक कर रुपये मांगने लगे। उसने आनाकानी की तो थप्पड़ जड़ दिया। धमकाते हुए जेब में रखे पांच हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। बाद में खबर पर पुलिस भी पहुंच गई और बदमाशों को पकड़ने के लिए घेरेबंदी की। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। बाद में एएसपी और सीओ भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि बाइक सवार मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे। जल्द ही बदमाशों को चिह्नित कर पुलिस पकड़ लेगी।
छात्रों के दो गुटों में मारपीट, नहीं चली क्लास
मुंडेरवा।
कस्बे के गन्ना विकास इंटर कॉलेज के गेट पर शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कॉलेज में अव्यवस्था फैल गई। इसके चलते छुट्टी करनी पड़ी।
इस झगड़े की शुरुआत दो दिन पहले 11वीं के छात्रों में आपसी विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट होने लगी। एक छात्र का सिर फूट गया। इसे लेकर शुक्रवार को फिर विवाद होने लगा। बताया जा रहा है कि स्कूल गेट पर अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। कुछ आवारा टाइप के लड़के भी वहां घूमते रहते हैं। उनके बीच अक्सर झगड़ा होता रहता है। थानाध्यक्ष सुधीर सिंह का कहना है कि कॉलेज की तरफ से कोई सूचना नहीं दी गई है। गेट पर जमावड़ा लगने की समस्या पर एसओ ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
रोजगार सेवक की पिटाई
महराजगंज। कप्तानगंज थाने के एक गांव में रोजगार सेवक को उसी की पत्नी ने जमकर पीट दिया। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर उसकी पत्नी ने डंडे से सिर पर वार कर दिया। इससे उसका सिर फूट गया। परिवार के लोगों ने घायल रोजगार सेवक को निजी अस्पताल में ले गए। इसकी ब्लॉक मुख्यालय पर दिन भर चर्चा रही।