बस्ती। लोकसभा चुनाव 2019 जीतने का मंत्र शुक्रवार की कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने दिए। मास्टर प्लान के तहत 40-50 ऐसे जिम्मेदार नेताओं की समिति बनाई जाएगी जो पूरे लोकसभा क्षेत्र के चुनाव का संचालन करेगी।
बस्ती, डुमरियागंज और खलीलाबाद लोकसभा क्षेत्र को फतह करने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कार्यशाला के माध्यम से कार्यकर्ताओं को टिप्स दे रहे हैं। शुक्रवार को जिले के एक होटल में लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक में जीत के लिए क्या करना और किस तरह कार्य करना है, यह बताया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों का बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। आयुष्मान भारत जैसी सरकारी स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में भाजपा नेता भी शामिल हों। भाजपा ने हर बूथ पर 51 फीसद मत हासिल करने का अपने कार्यकर्ताओं को लक्ष्य सौंपा है। कार्यकर्ता निजी बातों को किनारे रखकर सिर्फ पार्टी की सफलता को लक्ष्य बनाएगा। पार्टी की जीत में ही सबकी जीत है। बैठक में लोकसभा संचालन समिति के अलावा विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी, संयोजक, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सांसद व विधायक, सात मोर्चों के जिलाध्यक्ष, सभी महामंत्री विस्तारक, पांच अभियानों के प्रमुख भी शामिल हुए। संचालन समिति को जीत के मंत्र दिए गए। लोकसभा संचालन टोली में 11 सदस्य बनाए गए हैं। जबकि लोकसभा क्षेत्र प्रभारी संबंधित क्षेत्र से बाहर से बनाए गए हैं। प्रदेश महामंत्री एवं गोरखपुर क्षेत्रीय प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि भाजपा की जो मूल विचारधारा है। भाजपा के जो सिद्धांत हैं और पार्टी किस ट्रैक पर कार्य कर रही है और कार्यकर्ताओं को किस दिशा में कार्य करना है, उस पर चर्चा की गई। बूथ की मजबूती पर ध्यान देने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष एकत्र हो जाये तो भी और और न हो तो भी, भाजपा हर प्रकार की चुनौती लेने के लिए तैयार है।
फ्यूज बल्ब हैं महागठबंधन के दल
गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के सामने जो विपक्ष है, सपा, बसपा और रालोद इनका कोई आधार नहीं है। राष्ट्र के प्रति इनकी कोई सूझबूझ नहीं है। इनकी यात्रा का निभिक कौन बनेगा, कौन लीडर बनेगा ये भी तय नहीं हैं। ये सभी दल उस प्रकार से हैं, जैसे घर के अंदर कोई फ्यूज बल्ब होता हो। फ्यूज बल्ब के अंदर कोई प्रकाश नहीं होता है।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में प्रदेश मंत्री त्रयंबकनाथ त्रिपाठी, सांसद हरीश द्विवेदी, जगदंबिका पाल, शरद त्रिपाठी, राज्यसभा सांसद राम सकल राजभर, विधायक अजय सिंह, चंद्र प्रकाश शुक्ला, रवि सोनकर, संजय प्रताप जायसवाल, दिग्विजय नारायण चौबे, संत प्रसाद, श्रीराम चौहान, राकेश बघेल, सतीश द्विवेदी, राघवेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष पवन कसौधन, राम ललित चौधरी, दुर्गा राय, देवेंद्र सिंह, अजय सिंह गौतम, राम सिंगार ओझा, विवेकानंद मिश्र, नितेश शर्मा, अमृत कुमार वर्मा, आशीष शुक्ला, भानु प्रकाश मिश्र, अमित शुक्ल, राकेश श्रीवास्तव, प्रमोद पांडेय, राजन मिश्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे।