सत्यापन में 3816 वृद्धा पेंशन लेते पाए गए मृतक
बस्ती। समाज कल्याण विभाग की ओर से कराए गए सत्यापन में बड़ा खुलासा हुआ है। जनपद में 3816 वृद्धावस्था पेंशन धारक मृतक पाए गए हैं। इनकी पेंशन विभाग ने रोक दी है। साथ ही जो लोग गलत तरीके से पेंशन अर्जित किए हैं, उनसे वसूली भी की जाएगी। इसके लिए विभाग सूची तैयार कर रहा है। मई तक विभाग की ओर से कराए गए सत्यापन में बड़ी संख्या में लोग मृतक पाए गए हैं जिनकी पेंशन रोक दी गई है।
जनपद में कुल 113675 लाख पेंशन धारक हैं जिन्हें समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत लाभार्थी के बैंक खाते में पेंशन भेजे जाते हैं। इस बार पेंशन योजना का लाभ उन्हीं व्यक्तियों को मिलेगा जिनके आधार कार्ड और मोबाइल नंबर लिंक हो गए हैं। अभी तक जिले में कुल 47887 हजार पेंशन धारक के आधार और मोबाइल नंबर फीड हो गए हैं। जबकि 65439 हजार लाभार्थियों का लिंक होना बाकी है। पेंशन लाभार्थियों के आधार और मोबाइल नंबर फीड कराने के लिए जनपद के सभी 14 ब्लॉकों में तैनात एडीओ समाज कल्याण को निर्देशित किया गया है कि हर हाल में शत-प्रतिशत आधार फीड करा दे। जिससे उन्हें पेंशन का लाभ मिलता रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीप्रकाश पांडेय ने बताया कि विभाग की ओर से हर वर्ष सत्यापन कराया जाता है। मई तक कराए गए सत्यापन के दौरान जनपद में 3816 वृद्धावस्था पेंशन योजना में मृतक पाए गए हैं। जिनकी पेंशन रोक दी गई है साथ ही जो लोग गलत तरीके से पेंशन लिए हैं।उनसे वसूली की कार्रवाई की जाएगी इसके लिए सूची तैयार किया जा रहा है। अब इस माह से जिन लाभार्थियों के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर लिंक नहीं हुए है। उन्हें अब पेंशन नहीं मिलेगी।