बिजली के तीन सौ खंभे गिरे, पांच सौ से अधिक गांवों में छाया अंधेरा
बस्ती। आंधी से बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने से तीनों ग्रामीण वितरण खंडों में 290 से अधिक खंभे टूटे हैं जिससे मंगलवार को जनपद के करीब पांच सौ गांवों में बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। वितरण खंड नुकसान का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने में जुटे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां खंभे टूटे हैं वहां आपूर्ति सामान्य करने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। हालांकि शहर में मंगलवार को बिजली आपूर्ति सामान्य रही।
हर्रैया प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार को तेज आंधी के चलते दर्जन भर से अधिक गांवों में करीब 25 खंभे टूटे हैं। सोमवार दोपहर दो बजे के बाद से बेलभरिया, महराजगंज, अमारी, केशवपुर फीडरों से बिजली आपूर्ति ठप है जिससे करीब दो सौ गांवों में 24 घंटे से अधिक समय से अंधेरा छाया हुआ है। मंगलवार दिन में नगर पंचायत क्षेत्र को छोड़कर अन्य कहीं बिजली नहीं मिली। अवर अभियंता सलमान खान ने बताया कि बिजली आपूर्ति सामान्य करने में करीब दो दिन लग जाएंगे। अधिशासी अभियंता हर्रैया अमित कुमार ने बताया कि वितरण खंड में 125 से अधिक खंभे टूटे हैं। आपूर्ति सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है। विद्युत वितरण खंड दो में करीब 105 खंभे, दो ट्रांसफॉर्मर और भानपुर 33 केवी लाइन का एक खंभा टूटा है।
अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि 33 केवी लाइन का खंभा बदल दिया गया है। अन्य पर कार्य चल रहा है। विद्युत वितरण खंड तृतीय के करीब दो दर्जन गांवों में 60 से अधिक खंभे टूटे हैं। अधिशासी अभियंता हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि खंभे बदलने का काम शुरू कर दिया गया है।