बेकाबू पिकअप की चपेट से बाइक सवार तीन भाइयों की मौत
भानपुर (बस्ती)। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर सोनहा थाना क्षेत्र के दुबौली पड़ाव के निकट मंगलवार देर रात एक पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक को चपेट में ले लिया जिससे बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए तीनों युवकों में दो सगे और तीसरा फुफेरा भाई था। तीनों एक रिश्तेदारी में मुंडन संस्कार के उपलक्ष्य में आयोजित प्रीतिभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक ही बाइक से जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।
जानकारी के मुताबिक सोनहा थाना क्षेत्र के असनहरा गांव निवासी श्रवण कुमार उर्फ डब्बू (25) अपने छोटे भाई सुनील कुमार उर्फ छोटू (21) और फुफेरे भाई राजकुमार उर्फ डब्लू (18) निवासी लटिया थाना भवानीगंज जिला सिद्धार्थनगर एक ही बाइक पर सवार होकर मंगलवार रात सिद्धार्थनगर जिले के महुआरा स्थित बुआ के घर जा रहे थे। वहां मुंडन संस्कार के उपलक्ष्य में प्रीतिभोज आयोजित था। बाइक सवार तीनों भाई दुबौली पड़ाव से थोड़ा आगे बढ़े ही थे कि डुमरियागंज से बस्ती की ओर जा रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें चपेट में ले लिया जिससे सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप भी सड़क किनारे लगे पेड़ में टकराते हुए एक दीवार से जा भिड़ा। जिससे पिकअप चालक भी चोटिल हो गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने हादसे की सूचना असनहरा चौकी पुलिस और एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची असनहरा चौकी पुलिस ने सभी घायलों को नजदीक के सीएचसी बेवां भेजवाया। जहां सिर और हाथ पैर में गंभीर चोट होने के चलते श्रवण उर्फ डब्बू की मौत हो गई। अन्य दोनों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल ले जाने पर वहां इलाज के दौरान सुनील की भी मौत हो गई। राज कुमार को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में राज कुमार ने भी दम तोड़ दिया। जबकि हादसे में घायल पिकअप चालक केदार नाथ चौधरी निवासी राजाबाजार थाना पुरानी बस्ती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है। सोनहा पुलिस ने जैदू की तहरीर पर पिकअप चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
--