गौर। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2025-26 में गौर ब्लॉक कुल 65 आवास का लक्ष्य स्वीकृत हुआ था, जिसमें सभी लाभार्थियों को प्रथम किस्त भी प्राप्त हो चुका है, फिर भी अभी तक 26 लाभार्थियों ने प्रथम किस्त पाने के बाद भी आवास निर्माण प्रारंभ नहीं कराया।
गौर विकास खंड में कुल 108 ग्राम पंचायत है, जहां मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 65 लाभार्थियों को आवास के लिए चयनित किया गया है, सरकार की ओर से प्रत्येक लाभार्थी को आवास निर्माण के लिए एक लाख बीस हजार रुपये मिलेगे। जिसमें सभी लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये बैंक खाते में पहले ही प्राप्त हो चुका है, जबकि 39 लाभार्थियों ने नींव का निर्माण पूरा कर लिया है और इन्हें द्वितीय किस्त के रूप में 70 हजार रुपये लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजा गया है, आवास कंप्लीट होने पर अंतिम किस्त के रूप में 10 हजार खाते में भेजे जाएंगे।
आवास लाभार्थियों को 90 दिन का मानव दिवस बीबी रामजी योजना के तहत 252 रुपये की दर से मजदूरी का भुगतान मिलेगा। यदि लाभार्थी के पास शौचालय नहीं है, तो उसे शौचालय का लाभ दिया जाएगा। बीडीओ केके सिंह ने बताया कि जांच में 26 लाभार्थी ऐसे पाए गए हैं, जिन्होंने आवास निर्माण कार्य अभी तक शुरू ही नहीं किए है और इन्हें प्रथम किस्त प्राप्त हो चुकी है, उन्होंने कहा कि सभी सचिवों को निर्देशित किया गया है, कि आवास निर्माण शुरू न करने वाले लाभार्थियों को नोटिस जारी करें और 31 मार्च तक हर हाल में सभी आवास पूर्ण कराए जाए।