बस्ती। फॉरेक्स एक्सचेंज (विदेशी मुद्रा बाजार) में निवेश के नाम पर एक युवक से 23.90 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद आरोपियों पर धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांधीनगर निवासी राकेश कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आरोपियों ने उन्हें फॉरेक्स एक्सचेंज का कोर्स कराने और ट्रेडिंग में रुपये लगाकर कम समय में अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे में आकर उसने अलग-अलग तारीख में 23.90 लाख रुपये आरोपियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने निवेश पर लाभ या मूलधन वापस करने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के कोठवा निवासी राजू गौड़ और कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 पुराना डाकखाना निवासी अभिषेक कुमार वर्मा पर धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एएसपी श्यामकांत ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।