कुदरहा। लालगंज थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर कल्याणपुर गन्ना क्रयकेंद्र के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली और मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हुई। हादसे में कलवारी मुस्तहकम निवासी सुनील सोनकर (20) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया।
बताया गया कि सुनील सोनकर बाजार में घूम-घूमकर सब्जी बेचते थे। शनिवार सुबह वह मोटरसाइकिल से रामपुर बारहकोनी क्षेत्र से सब्जी खरीदकर लौट रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर गन्ना क्रय केंद्र के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर से जा टकराई। सिर में गंभीर चोट लगने से वे बेहोश हो गए। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और निजी वाहन से बनहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के वक्त सुनील ने हेलमेट नहीं पहने थे।
अस्पताल में मौत की सूचना मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर के सुनील अपने बड़े भाई अनिल सोनकर के साथ मिलकर परिवार का गुजारा चलाने में हाथ बंटाते थे। थानाध्यक्ष दिनेशचंद चौधरी ने बताया कि शव कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।