लालगंज। क्षेत्र के मंझरिया गांव में शुक्रवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका चार बच्चों की मां थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
गांव निवासी संजय कुमार रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी श्यामकली अपने बच्चों के साथ रहती थीं। शुक्रवार दोपहर उन्होंने विषाक्त पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल बस्ती पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही शाम करीब छह बजे उनकी मौत हो गई।
उनके भाई आरोप है कि ससुराल के लोगों से आजिज होकर श्यामकली ने आत्महत्या कर ली है। थानाध्यक्ष लालगंज दिनेश चंद्र चौधरी ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद