कंटेनर की चपेट से बाइक सवार दो लोगों की मौत
हर्रैया (बस्ती )। फोरलेन पर शुक्रवार को हर्रैया थाने के जिवधरपुर राय गांव के सामने कंटेनर की चपेट से बाइक से जा रहे दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर थाने ले आई। मृतकों की पहचान थाने के सामने के दुकानदार व पत्थर काटकर मूर्तियां बनाने वालों के रूप में हुई। घटना की खबर मिलते ही दोनों के परिवार के लोग रोते बिलखते थाने पर पहुंचे।
क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी राम नरेश शर्मा (55) कस्बे में हाईवे के किनारे कोहले गांव की तरफ जाने वाली सड़क के बगल एल्युमीनियम फ्रेमिंग की दुकान करते थे। गांव में पुस्तैनी मंदिर का जीर्णोद्धार करा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह थाने के बगल रहकर पत्थर की मूर्तियां बनाने वाले राकेश (31) को साथ लेकर उनकी बाइक से गांव की तरफ निकले थे। हाईवे के किनारे बने सर्विस रोड से आगे बढ़ते ही जिवधरपुर गांव के सामने बाइक पीछे से आ रहे कंटेनर की चपेट में आ गए। बाइक पर सवार दोनों लगे झटके से कंटेनर के आगे जा गिरे। पहिए के नीचे आने से दोनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास के लोग व कुछ पुलिस कर्मी दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। चेहरा बुरी तरह कुचल जाने से पहचान नहीं हो पा रही थी। बाद में दोनों की पहचान के बाद सूचना परिजनों को दी गई। मृतक राम नरेश के दो पुत्रों में बड़ा विनोद पत्नी व बच्चों के साथ मुंबई रहता है। छोटा बेटा विक्की व उसकी मां गांव में रहते हैं। विक्की पिता के कारोबार में हाथ बंटाता है। थाने पर दोनों मृतकों के परिजनों को रोना बिलखना देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।