विकास भवन में मास्टर बुक कीपर के लिए नियुक्ति पत्र के लिए पहुंची समूह की महिलाएं संवाद
बस्ती। समूह की महिलाओं की समस्याओं का समाधान करने के लिए जिले में 56 (सीएलएफ) कलस्टर लेवल फेडरेशन का गठन किया गया है। जिसके सापेक्ष 18 सीएलएफ पर मास्टर बुक कीपर की तैनाती हुई थी। ये महिलाएं कामकाज का ब्योरा एकत्र करके फीडिंग करके जिले को रिपोर्ट कर रही हैं। अब 19 की तैनाती और हुई है।
14 ब्लॉक स्तर पर 56 सीएलएफ कार्यालय खोले गए हैं। इनमें समूह से ही चुनी गई महिलाओं को प्रभार सौंपा गया है। जो इनकी समस्याओं का सुनेंगी और उसका समाधान करेंगी। इसके लिए शासन से प्रति सीएलएफ के लिए 3.50 लाख रुपये दिए गए हैं। जबकि ग्राम संगठन स्तर पर कार्यालय खोलने के लिए 75-75 हजार रुपये दिए जाएंगे।
जिले में 16 हजार 424 स्वयं सहायता समूह संचालित हैं, जिससे करीब एक लाख 80 हजार महिलाएं जुड़ी हैं। इन्हें कौशल के अनुसार प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। साथ ही कारोबार करने के लिए बैंक से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन कई महिलाएं समस्याओं के कारण कारोबार नहीं कर पा रही हैं। वहीं, गांव स्तर पर रहने की वजह से इनकी आवाज उच्चाधिकारियों तक नहीं पहुंच पाती है। ऐसे में एनआरएलएम विभाग ने सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) कार्यालय खोले जाने का निर्णय लिया था। इसके तहत अब तक 18 महिलाओं की नियुक्ति मास्टर बुक कीपर के रूप में की गई हैं। इन्हें इस कार्य के लिए छह हजार रुपये मानदेय दिए जाएंगे।