बस्ती स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री।संवाद
बस्ती। रेलवे प्रशासन की ओर से पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-बस्ती के रास्ते आने-जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन को अपरिहार्य कारणों से दो दिसंबर से 12 फरवरी तक निरस्त कर दी गई है। वहीं एक दिसंबर से निरस्त चल रही पाटलीपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन चार दिसंबर से अपने निर्धारित समय से चलेगी।
कई स्पेशल ट्रेनों के लंबे समय तक निरस्त होने से नियमित चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ बढ़ती जा रही है। यात्रियों को तत्काल में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। मजबूर होकर यात्रियों को जनरल टिकट लेकर भीड़ में यात्रा करनी पड़ रही है। इस बीच रेलवे प्रशासन ने हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन को 12 फरवरी तक निरस्त कर दिया गया है। जिन एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है, उनमें अधिकतर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं। यात्रियों को स्टेशन पर कई घंटे तक ट्रेनों की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
ठंड के मौसम में प्लेटफाॅर्म पर यात्री परेशान हो रहे हैं। रेलवे समय सारिणी के अनुसार मंगलवार को नई दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से पांच घंटे की देरी से चल रही है। दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस ट्रेन सात घंटे की देरी से चल रही है। इस ट्रेन के बस्ती स्टेशन पर दोपहर 3:30 बजे पहुंचने का समय तय है।
इसी तरह अवध असम एक्सप्रेस ट्रेन एक, बाघ एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटे, बरौनी-नई दिल्ली चार, नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस ट्रेन छह व छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से चल रही है।