भारत बंद में कांग्रेस ने मांगा जन सहयोग
आज रोडवेज नेहरू तिराहे से शुरू होगा प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। डीजल, पेट्रोल के दामों में लगातार वृद्धि, चौपट हो रही अर्थव्यवस्था, राफेल सौदे में भ्रष्टाचार आदि मुद्दों पर कांग्रेस की ओर से भारत बंद का आह्वान किया गया है। सोमवार को सुबह सात बजे से रोडवेज तिराहे स्थित नेहरू प्रतिमा से लोग प्रदर्शन शुरू करेंगे।
रविवार को भारत बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच पहुंचकर सहयोग की अपील की। इससे पहले पार्टी दफ्तर पर आयोजित बैठक में अध्यक्ष ने तैयारियों की समीक्षा की। जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय ने कहा डीजल, पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। यही कारण है कि रोजमर्रा के जरूरतों की चीजें भी काफी महंगी हो गई हैं। आम आदमी महंगाई और नौजवान बेरोजगारी से त्रस्त हैं। पदाधिकारियों को भारत बंद को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। उपाध्यक्ष प्रेमशंकर द्विवेदी ने कहा कि भारत बंद कांग्रेस का अकेला कार्यक्रम नहीं है, इसको आमजन का समर्थन प्राप्त है। सह प्रवक्ता मो. रफीक खां ने कहा कि रोडवेज, गांधीनगर, कम्पनी बाग सहित कई जगहों पर संपर्क किया गया, इस दौरान आम जनता का व्यापक समर्थन मिला। पूर्व विधायक अंबिका सिंह, अंकुर वर्मा, छोटेलाल तिवारी, नर्वदेश्वर शुक्ल, रमेश सिंह, डॉ. मानिकराम मिश्रा, अजय पाण्डेय, कौशल श्रीवास्तव, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय, गंगा प्रसाद मिश्रा, प्रमोद दुबे, कुंवर जितेन्द्र सिंह, गुड्डू सोनकर, अतीउल्लाह सिद्दीकी, रामधीरज चौधरी, जुम्मन अली, सुरेन्द्र मिश्रा, भूमिधर गुप्ता, कौशल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।