17 जिला स्तरीय अधिकारी कराएंगे टीकाकरण
बस्ती। डीएम सौम्या अग्रवाल ने कोविड-19 का 45 वर्ष के ऊपर के व्यक्तियों का टीकाकरण कराने के लिए 17 जिला स्तरीय अधिकारियों को नामित किया है। सभी अधिकारियों के साथ एक सीएचओ को तैनात किया गया है, जो टीका लगाने का कार्य करेंगी।
रजिस्टर मेंटेन करने ओर अन्य कार्यों के लिए नोडल अधिकारी अपने साथ अपना स्टाफ ले जाएंगे। टीकाकरण केंद्र का चयन एक दिन पहले नोडल अधिकारी करेंगे। सीएचओ निर्धारित लक्ष्य के अनुसार टीका संबंधित सीएचसी से प्राप्त करेंगे।
ये निर्देश डीएम ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में दिए हैं। कहा कि नोडल अधिकारी प्रतिदिन पांच बजे तक डीआरडीए में परियोजना निदेशक को टीकाकरण की सूचना देंगे। डीपीआरओ तीन सौ, डीएसओ, बीएसए, उपायुक्त स्वत: रोजगार, डीसीओ, डीपीओ को दो-दो सौ उपायुक्त उद्योग, सहायक निबंधक सहकारिता, डीआईओएस, पीडी डीआरडीए, उपायुक्त मनरेगा, उप निदेशक कृषि को 100-100 तथा डिप्टी डीएफओ, अल्प संख्यक कल्याण, नलकूप, दिव्यांगजन, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी 50-50 टीका प्रतिदिन लगवायेंगे। कहा कि कोविड सैंपलिंग की स्थिति खराब है। प्रभारी चिकित्साधिकारी इसको गंभीरता से लें।
सभी नमूने अनिवार्य रूप से शाम को छह बजे तक सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध करा दिए जाएं। समय से नमेनों की फीडिंग कराई जाए, ताकि पोर्टल पर इसका स्टेटस दिखाई दे। कहा कि बुधवार को 84 सैंपल लापता थे, जिनमें से 51 रूधौली के थे। भानपुर से सैंपल खुले वीटीएम में मिले हैं। ये काले बैग में रखे गए थे, जो कि अनुमन्य नहीं है। दुबौलिया से प्रेषित नमूने का पैकेट लीक कर रहा था।
इस मौके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एडीएम अभय कुमार मिश्रा, सीएमओ डॉ. अनूप कुमार, एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन, डॉ. सीके वर्मा, डॉ. सोमेश श्रीवास्तव, डॉ. एके कुशवाहॉ, डॉ. आरके हलदार, डॉ. आईए अंसारी, जगदीश शुक्ला, रमन मिश्र, आलोक कुमार उपस्थित थे।