ई-बाइक एजेंसी में लगी आग से जली स्कूटी- संवाद
परशुरामपुर। दीपावली की रात परशुरामपुर बाजार में स्थित इलेक्ट्रिक बाइक की एजेंसी में आग लग गई। जब तक फायर ब्रिगेड तथा स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया तब तक दुकान के अंदर का सामान जल गया।
परशुरामपुर थाना क्षेत्र के चंद्रेश पाठक निवासी मिश्रौलियाधीश की परशुरामपुर बाजार में हर्षित ऑटो सेल्स के नाम से इलेक्ट्रिक स्कूटी की एजेंसी है। दीपावली की रात लगभग 8 बजे दुकान बंद कर चंद्रेश अपने घर मिश्रौलिया चले गए। आधे घंटे बाद आसपास के लोगों ने उनको फोन किया कि उनकी एजेंसी में आग लग गई है।
चंद्रेश बच्चों के साथ परशुरामपुर बाजार पहुंचे, तब तक वहां स्थानीय लोग फायर ब्रिगेड तथा परशुरामपुर पुलिस पहुंच चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक 16 इलेक्ट्रिक स्कूटी जल गई थीं। इसके अलावा दुकान में रखी बाइक के कुछ पार्ट तथा जरूरी कागजात भी जल गए। चंद्रेश पाठक ने थाना स्थानीय पर तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की। उन्होंने साजिशन आग लगाने की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।