नगर पंचायत के विकास कार्यों को जांचने पहुंची टीम
तीन सदस्यीय टीम ने आठ स्थलों का किया निरीक्षण
अभिलेखों के साथ ईओ और डूडा अधिकारी तलब
अमर उजाला ब्यूरो
बनकटी। नगर पंचायत के शिव बहादुर पाल की शिकायत पर बृहस्पतिवार को विकास कार्यों को जांचने मुख्यालय से टीम पहुंची। तेरह बिंदुओं की शिकायत में से आठ का स्थलीय सत्यापन किया। टीम ने डूडा के जिम्मेदारों से अभिलेख तलब किए, जबकि नगर पंचायत के ईओ अमरजीत को शुक्रवार की शाम पांच बजे टीम के समक्ष अभिलेखों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि शिव बहादुर पाल ने नगर पंचायत के कार्यों में अनियमितता की शिकायत डीएम से की थी। डीएम डॉ. राजशेखर ने शिकायतों की जांच के लिए एएसडीएम आशाराम वर्मा, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी वीएस सिंह व सहायक कोषाधिकारी एके सिंह की टीम गठित कर दी।
टीम ने शिकायत में दिए गए 13 बिंदुओं की जांच से संबंधित आठ बिंदुओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के क्रम में सबसे पहले टीम लालगंज थाना परिसर में इंटरलाकिंग जांचने पहुंची। यहां शिकायतकर्ता के समर्थकों व नगरपंचायत अध्यक्ष के समर्थकों में तू-तू, मैं-मैं होने लगी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर समर्थकों को वहां से हटा दिया। टीम ने इंटरलाकिंग कार्यों की जांच की। यहां के बाद टीम नगरपंचायत अध्यक्ष के गृह वार्ड नम्बर सात सूर्यनगर पहुंची। यहां हाईमास्ट लाइट व सुलभ शौचालय निर्माण की स्थिति जानी। गांधीनगर में स्वीकृत सुलभ शौचालय चंद्रनगर में बनने की शिकायत पर ईओ अमरजीत से पूछताछ की। ईओ ने सफाई दी कि गांधीनगर वार्ड में जमीन न मिल पाने की वजह से चंद्रनगर व गांधीनगर वार्ड की सीमा पर शौचालय निर्माण करा दिया गया है । अंत में स्थलीय निरीक्षण कर रही टीम अंबेडकर नगर में स्वीकृत दो सुलभ शौचालयों की स्थिति जानने ब्लॉक मुख्यालय पर बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। जहां पर निर्माणाधीन महिला सुलभ शौचालय को देखा तथा एक अन्य सुलभ शौचालय निर्माण के बारे में पूछे जाने पर ईओ ने बताया कि अभी जमीन नहीं मिल पाई है। एएसडीएम आशाराम वर्मा ने बताया कि बनकटी नगरपंचायत के ईओ व डूडा से पीएम आवास व अन्य कराए गए विकास कार्यों से संबंधित अभिलेखों को मांगा गया है। मिलान के बाद अनियमितता पाए जाने पर स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी।