प्रधान के दो, बीडीसी सदस्य के एक पद पर होगा उपचुनाव
आज जारी की जाएगी अधिसूचना, छह को मतदान और आठ को मतगणना
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। जनपद में ग्राम प्रधान के रिक्त दो पदों और क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद 25 ग्राम पंचायत सदस्य पदों का उपचुनाव कराया जाएगा। इसके लिए 21 जून को अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
बृहस्पतिवार को सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष सिंह ने बताया कि जिले के 14 में से आठ विकासखंड में दो प्रधान एक बीडीसी सदस्य और 25 ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव होना है। बताया कि परशुरामपुर और साऊंघाट विकासखंड के एक-एक पंचायतों में ग्राम प्रधान तथा विक्रमजोत में क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद पर उप चुनाव होगा। 25 ग्राम पंचायत सदस्य पदों में परशुरामपुर ब्लॉक के छह, कुदरहा और रुधौली में पांच-पांच तथा हर्रैया, विक्रमजोत में तीन-तीन, दुबौलिया में दो, बहादुरपुर और साऊंघाट में एक एक ग्राम पंचायत सदस्य के पद पर चुनाव होगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक सभी आठ ब्लॉकों में रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स की तैनाती जिला निर्वाचन अधिकारी ने कर दी है। अधिसूचना जारी होते ही 21 जून से नामांकन पत्र दाखिल होंगे। नामांकन पत्र 26 जून तक जमा होंगे। 27 जून को जांच होगी और 28 को नाम वापस लिया जा सकेगा। 28 जून को प्रतीक आवंटन होंगे। छह जुलाई को मतदान और आठ जुलाई को मतगणना होगी। नामांकन ब्लॉक मुख्यालयों पर ही सुबह 10 से शाम चार बजे तक होगा।