विद्यालय परिसर से गुजर रहा हाईटेंशन तार
11 हजार वोल्ट का तार हटवाने की कोशिश नाकाम
पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोहरा में पढ़ते हैं 104 बच्चे
अमर उजाला ब्यूरो
रुधौली। यह है पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोहरा। विद्यालय परिसर के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का तार गुजरा है। खतरे के पहले प्रधानाध्यापक ने काफी प्रयास किया है कि तार को हटाया जा सके लेकिन तमाम प्रयास भी नाकाफी रहे हैं।
क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोहरा में में 104 बच्चे पढ़ते हैं। यहां एक सहायक अध्यापक व दो अनुदेशक, रसोइया व अनुचर की तैनाती हैं। इसी विद्यालय के निकट विद्यालय से सटा एक नलकूप है, जिसका ट्रांसफार्मर भी खतरनाक है। क्योंकि यह अक्सर शार्ट करता है। इसके चिंगारी व धुआं से स्कूल परिसर में रहने वाले बच्चे व स्टाफ भयाक्रांत हो जाते हैं। उस पर तार का खतरा भी यहां लोगों को डरा रहा है। प्रधानाध्यापक शिवरतन ने कहा कि विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजरने वाला हाईटेंशन तार बेहद खतरनाक है। किसी दिन कोई हादसा न हो जाए इससे यहां के लोग सशंकित रहते हैं। इसे हटाने के लिए कई बार जेई से बात की, मगर जब स्थिति जस की तस रही तो समाधान दिवस में मामले को रखा, लेकिन अब तक इसका कोई परिणाम सामने नहीं आया है।