बस्ती। प्रशासनिक मशीनरी के लिए सोमवार मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा के नाम रहा। कमिश्नर/रोल प्रेक्षक अनिल कुमार सागर ने जिले में चल रही पुनरीक्षण प्रक्रिया का स्थलीय जायजा लिया। कप्तानगंज और हर्रैया विधानसभा के बूथों पर फीडबैक लेने पहुंचे। तेनुआ और नकटीदेई बूथ पर फीडबैक लेने के बाद तहसील सदर सभागार में कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा के बाद कमिश्नर और डीएम ने अब तक की उपलब्धि और पुनरीक्षण में बाकी बचे एक पखवारे (माह के अंत तक ) में किए जाने वाले उपायों को पत्रकारों से साझा किया। कहा कि बीएलओ बूथ पर नहीं रहते और न ही घर-घर जा रहे हैं। यह भी बताया कि 22 अक्तूबर को सिद्धार्थनगर तथा 23 को संतकबीरनगर का निरीक्षण करेंगे।
इस बीच फर्जी मतदाता सूची की बात सामने आई, जिस पर मंडलायुक्त ने रैंडम एवं क्रास चेकिंग का निर्देश दिया। इससे पहले डीएम डॉ. राज शेखर ने विधान सभा हर्रैया, कप्तानगंज, रूधौली, बस्ती सदर, महादेवा से संबंधित पंजीकरण/उप जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। बताया कि जनपद में कुल लगभग 18 लाख मतदाता हैं। 04 जनवरी 2019 को मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन किया जाएगा। कमिश्नर ने बताया कि बाकी बचे पुनरीक्षण के दिनों में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं बीएलओं पूरी क्षमता से जुट जाएं। अच्छे कार्य करने वाले बीएलओ सम्मानित किए जाएंगे। कप्तानगंज/हर्रैया प्रतिनिधि के अनुसार कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के नकटी देई बुजुर्ग व हर्रैया के तेनुआ मतदान केन्द्र पर पुनरीक्षण अभियान के निरीक्षण में कमिश्नर व डीएम ने कहा कि जागरूकता बढ़ाकर पात्र महिला मतदाताओं को प्रत्येक दशा में मतदाता बनाना होगा। इसी में अभियान की सार्थकता निहित है। कप्तानगंज के बूथ संख्या 298 में पुरुष 355 और महिला मतदाताओं की संख्या 293 पाई गई। इसी तरह बूथ 299 में पुरुष 628 और महिलाएं 534 हैं। समीक्षा बैठक में एडीएम रमेश चन्द्र, तीनों तहसीलों के एसडीएम, ज्वाइंट मजिस्टेट अमन द्वीप डुली, अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भाजपा, सपा, बसपा समेत अन्य राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों/ सांसद/ विधायक के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
28 तक पूरा करें पुनरीक्षण
कप्तानगंज/हर्रैया। मंडलायुक्त अनिल सागर ने सोमवार को कप्तानगंज विधानसभा के नकटी देई बुजुर्ग व हर्रैया के तेनुआ ममतदान केन्द्र पर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण किया। कहा कि जागरूकता अभियान के जरिए पात्र महिला मतदाताओं को प्रत्येक दशा में मतदाता बनाया जाए। कप्तानगंज के बूथ संख्या 298 में पुरुष 355 और महिला मतदाताओं की संख्या 293 पाई गई। इसी तरह बूथ 299 में पुरुष 628 और महिलाएं 534 हैं। इस दौरान एसडीएम हर्रैया शिव प्रताप शुक्ल, रुधौली अमनदीप टुली आदि उपस्थित रहे।