बस्ती। जिले में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत करीब 1300 पंचायत कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण छह अगस्त तक चलेगा, जिसका उद्देश्य गांवों की आय बढ़ाना और सरकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करना है।
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत जिले के 14 ब्लाॅकों के 1300 पंचायत कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। दो चरणों में होने वाले इस प्रशिक्षण काे लेकर शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। पहले चरण में जिले स्तर पर प्रशिक्षण दिया गया। अब, छह अगस्त के मध्य ब्लॉकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीपीआरओ घनश्याम सागर ने बताया कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए जिला पंचायती राज विभाग ने कमर कस ली है।
ग्रामीण स्तर पर सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, राजस्व सृजन और तकनीकी सशक्तिकरण के उद्देश्य से जिले के सभी 14 विकास खंडों में ग्राम पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों के लिए विशेष एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशालाओं का विस्तृत रोस्टर जारी कर दिया गया है।
इस बार का ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण मुख्य रूप से दो तकनीकी और प्रशासनिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहेगा। पहला ग्राम पंचायत विकास योजना के प्रभावी निर्माण और पोर्टल पर अपलोडिंग की प्रक्रिया पर प्रशिक्षण होगा तो दूसरा ग्राम पंचायतों की स्वयं के स्रोतों से आय बढ़ाने, ओएसआर पोर्टल के संचालन तथा ग्रामीण सेवाओं की सुलभ आपूर्ति को लेकर होगा।
कोट
प्रशिक्षण कार्यक्रम में शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर अनुपस्थिति या ढिलाई पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एडीओ पंचायतों को निर्देशित किया है कि वे अपने स्तर से सभी सचिवों और पंचायत सहायकों को समय से सूचित कर प्रशिक्षण में प्रतिभाग कराना सुनिश्चित करें।
-घनश्याम सागर, डीपीआरओ, बस्ती।