मुंडेरवा/टिनिच। गन्ना किसानों की सर्वे, सट्टा और प्रजाति संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए सोमवार को मुंडेरवा और टिनिच सहकारी गन्ना विकास समितियों में किसान मेले की शुरुआत हई। मुंडेरवा समिति परिसर में सात दिवसीय मेले का शुभारंभ चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक विनय कुमार मिश्रा ने किया। पहले दिन यहां 28 शिकायतें आईं, जिनमें 10 का मौके पर निस्तारण किया गया।
समिति के सचिव डॉ. रामफल सिंह ने बताया कि समिति से 445 गांव जुड़े हैं। इनमें करीब 18 हजार किसान हैं, जबकि 15,868 किसान चीनी मिल को गन्ने की आपूर्ति करते हैं। उन्होंने गन्ना पर्यवेक्षकों को किसानों से व्यक्तिगत संपर्क कर मेले में उनकी शिकायतों का समाधान कराने के निर्देश दिए।
वहीं, टिनिच समिति परिसर में आयोजित सर्वे-सट्टा आपत्ति निस्तारण मेले में पहले दिन 97 किसानों ने शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें 85 शिकायतें बभनान चीनी मिल से संबंधित थीं, जबकि अन्य रुधौली चीनी मिल से जुड़ी रहीं। किसानों ने सर्वे में रकबा छूटने और गन्ने की प्रजाति बदलने की शिकायत की।
समिति के चेयरमैन प्रेमप्रकाश सिंह ने कहा कि सर्वे, सट्टा और प्रजाति संबंधी शिकायतों की जांच कर नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। धर्मेंद्र यादव ने बताया कि मेले में प्राप्त सभी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।