छज्जा ढहने से दो मजदूरों की मौत, एक घायल
छनवतिया गांव में शटरिंग के दौरान हुआ हादसा
एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारी सोनहा मौके पर पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
सोनहा/सल्टौआ (बस्ती)। भानपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत छनवतिया में शुक्रवार को दोपहर में निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक ढह गया। इसके मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एसडीएम भानपुर, सीओ और सोनहा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को ढांढस बंधाया।
शुक्रवार को दोपहर में छनवतिया के शब्बीर अहमद के निर्माणाधीन भवन की शटरिंग की जा रही थी। इसी बीच अचानक छज्जा गिर गया। शोर सुन आसपास के लोग जुट गए। छज्जा ढहने से इसी गांव के मजदूर राजेश कुमार (29) व रामू (18) तथा नेवादा गांव निवासी परशुराम (58) मलबे में दब गए। मलबे से निकाले जाने तक राजेश व रामू की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल परशुराम को लोगों ने आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उधर, हादसे की जानकारी मिलने पर मजदूरों के घरों में कोहराम मच गया। सूचना पर एसडीएम राजेश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी रूधौली शिव प्रताप सिंह व प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्र मौके पर पहुंचे। इन अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को कार्रवाई का आश्वासन देकर ढांढस बधाया। एसडीएम राजेश सिंह ने बताया कि दोनों मजदूरों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।