विसुही नदी में डूबा छात्र, मौत
दोस्तों संग नदी में नहाने गया था गोविंद
खोडारे के कूकनगर ग्रांट के मुरवडीह की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। दोस्तों के साथ नदी में नहाने के दौरान 10वीं का छात्र गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों की चीख-पुकार पर जब तक निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार वालों ने अंत्येष्टि कर दी है।
जिले के सीमावर्ती खोड़ारे थाना क्षेत्र के कूकनगर ग्रांट के मुरवडीह निवासी गोविंद कुमार (17) पुत्र विनय मौर्या सोमवार को दोस्तों के साथ गांव के समीप विसुही नदी में नहाने गया था। गोविंद जनता इंटर कॉलेज कूकनगर नगर में कक्षा 10 का छात्र था। नहाते-नहाते गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। गोविंद को डूबते देखकर साथियों ने गुहार लगाई। जब तक लोग पहुंचकर उसे नदी से बाहर निकालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। इस बाबत थानाध्यक्ष खोड़ारे बृजेंद्र पटेल ने बताया कि शव को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकलवाया गया। परिजनों ने किसी प्रकार की तहरीर देने से इन्कार कर दिया तो पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया गया है।