ट्रांसमिशन यार्ड के बाहर लगी आग, डेढ़ घंटे आपूर्ति बाधित
बस्ती। गिदही स्थित 132 केवी ट्रांसमिशन और 33/11 केवी विद्युत वितरण उपकेंद्र के बीच खाली जगह में रविवार दोपहर आग लग गई। आनन-फानन में उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। बाद में पहुंची दमकल की मदद आग पर काबू पाया गया। गिदही उपकेंद्र व ट्रांसमिशन कर्मियों की सजगता से बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
रविवार दोपहर दिन में करीब दो बजे 132 व 33 केवी गिदही उपकेंद्र के बीच स्थित खाली जगह पर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आनन-फानन में ट्रांसमिशन प्रबंधन ने शहर के 33 केवी विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति दोपहर करीब 3.30 बजे तक रोक दी। आग उपकेंद्र यार्ड के बाहर स्थित झाड़ियों में लगी थी। अधिकारियों ने किसी प्रकार की क्षति से इनकार किया है। ट्रांसमिशन सहायक अभियंता सतीश कुमार सिंह ने बताया कि बड़ेवन और गांधीनगर विद्युत उपकेंद्रों की 33 केवी लाइन केबल को मामूली क्षति पहुंची है। हालांकि इससे आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मौके पर मुख्य अभियंता एमके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता आरबी कटियार, अधिशासी अभियंता संतोष कुमार, अवर अभियंता सत्येंद्र प्रसाद, जितेंद्र मौर्या आदि मौजूद रहे।