बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने अपना संशोधित खेल कैलेंडर जारी कर दिया है। मंडल के सबसे बड़े कॉलेज में शुमार बरेली कॉलेज को सिर्फ एक खेल में मेजबानी का मौका दिया गया है, जबकि अन्य छोटे कॉलेजों में इससे ज्यादा आयोजन होंगे। अंतर महाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताएं पांच मार्च 2020 तक चलेंगी।
शैक्षिक सत्र 2019-20 में अंतरमहाविद्यालय, विश्वविद्यालय, जोनल और राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने संशोधित खेल कैलेंडर जारी किया है। इसके तहत अंतर महाविद्यालयी प्रतियोगिताएं 17 सितंबर से शुरू हो चुकी हैं और पांच मार्च 2020 तक चलेंगी। वहीं जोनल और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं पांच अक्टूबर से शुरू होकर अप्रैल 2020 तक चलेंगी। इसमें महाविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में बरेली कॉलेज को महिला हैंडबॉल की मेजबानी मिली है। वहीं, आसपास के अन्य छोटे कॉलेजों को दो-तीन खेलों की मेजबानी दी गई है। ऐसे में विश्वविद्यालय के निर्णय पर भी सवाल उठ रहा है, क्योंकि बरेली कॉलेज में दो स्पोर्ट्स ग्राउंड हैं। हॉकी का अलग ग्राउंड है और खेल का इंफ्रास्ट्रक्चर भी मौजूद है।
अंतर महाविद्यालयी शूटिंग प्रतियोगिता चार अक्तूबर से
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अंतर महाविद्यालयी शूटिंग प्रतियोगिता चार अक्तूबर को कैंपस स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के शूटिंग रेंज में सुबह दस बजे से होगी। आयोजन में प्रतिभाग के लिए क्रीड़ा परिषद सचिव प्रो. एके जैतली ने विश्वविद्यालय से संबद्ध डिग्री कॉलेजों से तीन अक्तूबर तक आवेदन करने को कहा है।